सुनील अवस्थी, विशेष संवाददाता ! लखनऊ जनपद की मोहनलालगंज तहसील अंतर्गत ग्राम कल्ली पश्चिम में महाबलेश्वर कल्कि भगवान मंदिर प्रांगण में चल रही श्रीमदभागवत कथा के तीसरे दिन भक्तिभाव और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। नैमिषारण्य से पधारे कथा व्यास श्री राकेश पाण्डेय ने आज की कथा में भगवान विष्णु के नारायण अवतार से लेकर भोलेशंकर और सती माता के स्वयंवर तक की अलौकिक कथा का भव्य रसपान कराया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा व्यास ने अपनी कथा में यह भी बताया कि मनुष्य के गृहस्थ जीवन की जिम्मेदारियों का निर्वहन किए बगैर संन्यास जीवन में प्रवेश करना वर्जित है । उनके द्वारा धर्म की स्थापना, अधर्म के विनाश और भक्ति के महत्व को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। कथा व्यास द्वारा वाराह अवतार और दानवों के युद्ध की कथा के माध्यम से पृथ्वी उद्धार की कथा भी सुनाई गई । भक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान के जयकारे लगाए।
इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन संपन्न हुआ।
