सुनील अवस्थी, विशेष संवाददाता !
अमेठी जनपद की तिलोई तहसील अंतर्गत ग्राम सेमरौता में आयोजित श्रीमदभागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर भक्तिभाव और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान विष्णु के बामन अवतार से लेकर श्रीकृष्ण जन्म तक की अलौकिक झांकियों का भव्य मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। झांकियों में धर्म की स्थापना, अधर्म के विनाश और भक्ति के महत्व को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।कथा व्यास द्वारा बामन अवतार की कथा के माध्यम से पृथ्वी उद्धार का संदेश दिया गया, वहीं श्रीकृष्ण जन्म की झांकी में नंद-यशोदा के आनंद, वासुदेव-देवकी की पीड़ा और ब्रज की मंगल ध्वनियों का जीवंत चित्रण किया गया। भक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर अमेठी प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह तथा हैदरगढ़, बाराबंकी से आई समाजसेविका श्रुति अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। धीरेंद्र सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन संपन्न हुआ।