लखनऊ संवाददाता !
उप्र उर्दू अकादमी द्रेवारा संचालित रेडियो जॉकी एवं बेसिक रेडियो टेक्नोलॉजी कोर्स के पाँचवें बैच के प्रशिक्षणार्थियों को अकादमी की मीडिया कोआर्डिनेटर डॉ. सीमा मोदी के नेतृत्व में एफएम चैनल रेडियो मिर्ची 98.3 के लखनऊ स्टूडियो का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को रेडियो प्रसारण की व्यावहारिक तकनीकों से रूबरू होने का अवसर मिला।
स्टूडियो भ्रमण के दौरान आरजे ताशी ने लाइव प्रसारण की प्रक्रिया, कंटेंट फ्लो और ऑन-एयर अनुशासन के बारे में जानकारी दी, वहीं डीजे अर्जुन मिश्रा ने प्रोमो लेखन, वॉइस मॉड्यूलेशन तथा प्रोमो रिकॉर्डिंग की तकनीकें सिखाईं। प्रशिक्षणार्थियों ने स्टूडियो के विभिन्न सेक्शन—ऑन-एयर स्टूडियो, प्रोडक्शन और रिकॉर्डिंग सेटअप—को नज़दीक से समझा।
इस बैच में रचना चतुर्वेदी, वंदना, आयुषी, प्रियंका, रोहिता, मानसी, शिखा, शशिप्रभा, राजीव, सोनू पांडेय, सुनील अवस्थी, अर्जित, आशुतोष अवस्थी, सत्यम सहित अन्य प्रशिक्षणार्थियों ने रेडियो की बारीकियाँ सीखीं। प्रतिभागियों ने इस भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि लाइव वातावरण में सीखने से रेडियो के तकनीकी और रचनात्मक पहलुओं की समझ और मजबूत हुई।
अकादमी की ओर से बताया गया कि ऐसे व्यावहारिक भ्रमण प्रशिक्षणार्थियों को इंडस्ट्री-रेडी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जाएँगी।